गिरिडीह
गिरिडीह जिले में शनिवार देर रात मोहनपुर स्थित केंद्रीय कारागार में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया. रात करीब 10:45 बजे डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिकारी और जवान जेल परिसर पहुंचे. जानकारी के अनुसार, निरीक्षण अभियान में कुल 45 अधिकारी और लगभग 150 हथियारबंद जवान शामिल थे. टीम ने जेल परिसर में प्रवेश करते ही अलग-अलग दल बनाकर विभिन्न वार्डों और सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू की. करीब दो घंटे तक चले इस अभियान के दौरान जेल के हर हिस्से की सघन तलाशी ली गई.
महिला और पुरुष वार्ड की हुई बारीकी से तलाशी
पुरुष वार्ड के अंतर्गत आने वाले पांच ब्लॉकों के 20 वार्डों की गहन जांच की गई. अधिकारियों ने बंदियों और उनके सामान की बारीकी से तलाशी ली. वहीं महिला वार्ड में महिला अधिकारियों और महिला जवानों की टीम ने तलाशी अभियान चलाया. निरीक्षण के दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था का भी आकलन किया गया. अधिकारियों ने संतरी ड्यूटी, जवानों की तैनाती और शिफ्ट रोटेशन व्यवस्था की जांच की. इसके अलावा बंदियों से मुलाकात की प्रक्रिया और नियमों के पालन की भी समीक्षा की गई.

आपत्तिजनक सामान नहीं हुए बरामद
जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया. प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. हालांकि, तलाशी अभियान के दौरान किसी आपत्तिजनक सामान की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. प्रशासन ने इस कार्रवाई को नियमित सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी का हिस्सा बताया है.
.jpeg)