गिरिडीह:
गिरिडीह जिले में अवैध खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को बेंगाबाद प्रखंड के अरतोका क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अवैध खनन की पुष्टि होने पर मौके से एक पोकलेन मशीन जब्त कर ली गई। साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन, अवैध उत्खनन या खनिजों का अवैध परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ खनन अधिनियम समेत अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता
उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अवैध खनन से जहां सरकार को राजस्व का नुकसान होता है, वहीं पर्यावरण और स्थानीय पारिस्थितिकी पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। इसलिए दोषियों को किसी भी तरह की राहत नहीं दी जाएगी।

दोषियों पर विधि-सम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी
उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी, अंचल प्रशासन और पुलिस प्रशासन को संयुक्त रूप से नियमित छापेमारी अभियान चलाने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और अवैध खनन व खनिज परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही जब्त मशीनों और वाहनों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने तथा दोषियों पर विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

आम लोगों से अवैध खनन के खिलाफ सूचना देने की अपील
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन अवैध खनन पर लगातार नजर बनाए हुए है और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि अवैध खनन से जुड़ी किसी भी जानकारी प्रशासन को दें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।