logo

गुमला : अंचल दिवस कार्यक्रम में DC प्रेरणा दीक्षित ने नागरिकों की समस्याओं का किया समाधान

guma_anchal.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की पहल पर प्रत्येक शनिवार को आयोजित किए जा रहे अंचल दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत आज रायडीह प्रखंड मुख्यालय में सफल आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वयं उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने की। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी गुमला, भू-अर्जन पदाधिकारी, गुमला, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और अन्य विभागीय पदाधिकारी तथा कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित किया और उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही, मौके पर ही उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आज के अंचल दिवस में कुल 27 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 14 आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। 13 आवेदनों को विस्तृत जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के पास भेजा गया। उपायुक्त द्वारा जिला स्तरीय जनशिकायत निवारण दिवस से प्राप्त 5 आवेदनों में से 2 का तत्काल समाधान किया गया। नागरिकों की सुविधा के लिए ऑन द स्पॉट प्रमाण पत्र भी निर्गत किए गए। इनमें 05 जाति प्रमाण पत्र, 03 आय प्रमाण पत्र, 03 आवासीय प्रमाण पत्र शामिल थे। भूमि विवाद के 04 मामलों में विस्तृत जांच के बाद निर्णय लेने के लिए निर्देश दिए गए। पंजी-II सुधार के 01 आवेदन का त्वरित निष्पादन भी किया गया।
अंचल दिवस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच कुल 16 परिसंपत्तियों और प्रशस्ति पत्रों का वितरण भी किया, जिनमें दाखिल-खारिज शुद्धि पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रमाण पत्र और पारिवारिक सदस्यता से जुड़ी स्वीकृतियां शामिल थीं। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि अंचल दिवस का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं को उनके प्रखंड स्तर पर ही सुनना और उनका त्वरित समाधान करना है, ताकि उन्हें जिला कार्यालय का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े। उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज, पंजी-II सुधार, एलपीसी, भूमि विवाद और अन्य अंचल संबंधित आवेदन अक्सर लंबित हो जाते हैं, जिन्हें अंचल दिवस के माध्यम से समयबद्ध तरीके से हल किया जा रहा है।

उपायुक्त ने यह भी बताया कि जिन आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा, उनकी पुष्टि लाभुकों से फोन के माध्यम से की जाएगी ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे समाधान से संतुष्ट हैं या नहीं। उन्होंने प्रशासन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करना कि जनता की समस्याओं का समाधान पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ हो, प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। आज के अंचल दिवस कार्यक्रम ने त्वरित समाधान, पारदर्शिता और जनहित के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता का स्पष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। इससे नागरिकों के बीच प्रशासन के प्रति विश्वास और भी सुदृढ़ हुआ है।
अंत में उपायुक्त ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं, शिकायतों और आवश्यकताओं के लिए अंचल दिवस का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रशासन के साथ सहयोगात्मक भूमिका निभाएं। अगला अंचल दिवस 13 सितंबर 2025 को कामडारा प्रखंड सह अंचल कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। कामडारा प्रखंड के सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे इस तिथि को अपने अंचल संबंधी समस्याओं और शिकायतों के समाधान हेतु कार्यक्रम में सम्मिलित हों।



 

Tags - Gumla DC News Gumla updates latest Gumla news Gumla updates in hindi latest Gumla News Gumla News updates Gumla News in hindi latest jharkhand News Jharkhand News updates jharkhand news Jharkhand news in Hindi