logo

गुमला : डीसी ने गुरदरी पंचायत में विशेष शिविर का किया आयोजन, ग्रामीणों को कई योजनाओं का मिला लाभ

gumla_kkk.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गुमला की उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने विशुनपुर प्रखंड के पाट क्षेत्र स्थित गुरदरी पंचायत का दौरा किया और वहां एक विशेष शिविर का आयोजन किया। शिविर में स्वास्थ्य, आधार कार्ड, राशन, पेंशन, पोषण अभियान, केसीसी, मनरेगा सहित कई जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। संबंधित विभागों ने मौके पर ही ग्रामीणों को सेवा प्रदान की और उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया।
उपायुक्त ने इस मौके पर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा, "आपकी उपायुक्त आज आपके बीच आई हैं, आपकी समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए। आप आवेदन में अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से लिखें, ताकि समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया में आपसे संपर्क किया जा सके।"
इस सुदूरवर्ती PVTG क्षेत्र में पहुंचकर उपायुक्त ने यह सुनिश्चित किया कि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। ग्रामीणों ने आंगनवाड़ी केंद्र की सुविधा, माइनिंग क्षेत्र में स्थानीय रोजगार, आधार पंजीकरण में आ रही कठिनाइयों और जन्म प्रमाण पत्र निर्माण की मांग की। इस पर उपायुक्त ने जानकारी दी कि 22 से 25 जुलाई तक गुरदरी पंचायत भवन में विशेष आधार पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र की सेवा भी उपलब्ध रहेगी।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने पेंशन योजना के अंतर्गत स्वीकृति पत्र वितरित किए और गर्भवती महिलाओं को संतुलित और पोषण युक्त आहार लेने की सलाह दी। इसके अलावा, उपायुक्त ने विशुनपुर प्रखंड के विभिन्न संस्थानों का भी निरीक्षण किया, जिसमें स्वास्थ्य उपकेंद्र, वन धन विकास केंद्र, सीएचसी केंद्र, आंगनवाड़ी केंद्र, और निर्माणाधीन MPC सेंटर शामिल थे।
उपायुक्त ने निर्माणाधीन MPC के कार्यों को शीघ्र पूरा करने और CHC केंद्र के बेड्स का उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, SAM और MAM श्रेणी के बच्चों के समुचित उपचार की व्यवस्था को भी प्राथमिकता दी। भ्रमण कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त के साथ विशुनपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी सुलेमान मुंडारी, अंचल अधिकारी शेखर वर्मा, JSLPS जिला प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार, हिंडालको के ऑपरेशन हेड शत्रुजीत कुमार, और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।


 

Tags - Gumla updates Gumla Updates latest jharkhand News Jharkhand News jharkhand Updates latest Jharkhand News jharkhand updates Gumla news