द फॉलोअप डेस्क
उपायुक्त कंचन सिंह ने समाहरणालय भवन में सोमवार को जनता दरबार का आयोजन किया, जिसमें जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने आमजनों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिलाया।
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रत्येक आवेदन की भौतिक जांच शीघ्र पूरी करें तथा समाधान की प्रगति की जानकारी उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
आज के जनता दरबार में भूमि विवाद, जमीन का सीमांकन, आवास एवं पेंशन योजना से जुड़ी समस्याएं, लंबित मानदेय का भुगतान, पीसीसी निर्माण, जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मति, विद्यालय में नामांकन, नगर परिषद सफाई कर्मियों के बकाया भुगतान, झारखंड आंदोलनकारियों को पेंशन, सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मुआवजा, आंगनबाड़ी सेविका चयन, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, जाति प्रमाण पत्र, विद्युत बिल माफी तथा मृत घोषित कर पेंशन बंद करने जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
जनता दरबार में कुल 20 लोगों ने उपायुक्त के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त कंचन सिंह ने सभी नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस मौके पर उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
