logo

हजारीबाग : DC ने FCI गोदाम का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की समीक्षा कर बेहतर रखरखाव और पारदर्शिता के दिए निर्देश 

asdfghjkl.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने आज 5 जुलाई को भारतीय खाद्य निगम (FCI) गोदाम का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने न सिर्फ गोदाम में रखे खाद्यान्नों की गुणवत्ता का जायजा लिया, बल्कि बारिश के मौसम में सुरक्षा और रख-रखाव की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि खाद्यान्न की गुणवत्ता और संरक्षा में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोदाम की संरचनात्मक स्थिति, साफ-सफाई, चूहों से सुरक्षा, नमी से बचाव के उपाय, अग्निशमन यंत्र, अलार्म सिस्टम की कार्यक्षमता हर पहलू की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कीटनाशकों के प्रभावी छिड़काव और एफएसएसएआई मानकों के अनुसार खाद्यान्न भंडारण की भी सख्त हिदायत दी। साथ ही, उन्होंने निर्देशित किया कि जन वितरण योजना से जुड़ी सभी जानकारी गोदाम परिसर में प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खाद्यान्न भंडारण पूरी पारदर्शिता और मानकों के अनुरूप हो, जिससे जनता तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न पहुंचे। इस निरीक्षण में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सहित एफसीआई के अधिकारी भी उपस्थित रहे।



 

Tags - hazaribagh latest news hazaribagh updates Latest jharkhand News jharkhand Updates latest Jharkhand Updates latest Updates jharkhand hazaribagh Dc inspected FCI Godown latest Updates Latest Jharkhand News