द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को उर्दू मध्य विद्यालय मिर्ज़ा ग़ालिब और प्लस टू उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति, शैक्षणिक गतिविधियों, पोषाहार, साफ-सफाई, आधारभूत संरचनाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उपायुक्त ने शिक्षकों को शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, यह प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरे, पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास और साइंस लैब जैसी व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उनकी शैक्षणिक समझ को परखा। उन्होंने बच्चों से पठन-पाठन संबंधी सवाल पूछे और उनकी योग्यता की सराहना की। साथ ही शिक्षकों और कर्मियों से विद्यालय की आवश्यकताओं और चुनौतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यालय के भोजन और पोषाहार की गुणवत्ता की भी जांच की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रों को पौष्टिक एवं साफ-सुथरा भोजन उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकता है, और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
