नंदलाल तुरी
पाकुड़ समाहरणालय स्थित निर्वाचन कार्यालय में आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-cum-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आगामी नगर परिषद चुनाव की तैयारी को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने बताया कि नगर परिषद चुनाव फरवरी–मार्च 2026 के बीच संपन्न होने की संभावना है और इस बार चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव की निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तैयारी सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समयबद्ध रूप से की जा रही हैं। उपायुक्त ने राजनीतिक दलों को स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन गतिविधि की प्रगति के बारे में अवगत कराया और कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में मतदाताओं का मैपिंग अभी अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने सभी दलों से अनुरोध किया कि वे मतदाताओं के अद्यतन और सत्यापन कार्य में सक्रिय सहयोग दें, ताकि निर्वाचन सूची अधिक सटीक और व्यापक हो सके।
बैठक में यह भी बताया गया कि अब तक केवल झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) द्वारा ही बूथ लेवल एजेंट (BLA) की सूची उपलब्ध कराई गई है। अन्य सभी राजनीतिक दलों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने BLA की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएँ, ताकि आगामी चुनावी कार्यों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में निर्वाचन प्रबंधन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई और सभी दलों के साथ सहयोगात्मक वातावरण में चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने पर जोर दिया गया।
