पटना
राजधानी पटना में दिनदहाड़े हुई हत्या की एक सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। आलमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा किनारे कंटाही घाट के पास एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।
स्थानीय लोगों ने झाड़ियों के बीच खून से लथपथ युवक को पड़े देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आलमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पहचान में जुटी पुलिस, जांच तेज
पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर कई जगह गहरे चाकू के निशान पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि युवक की निर्मम हत्या की गई है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, पहचान के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए NMCH भेज दिया गया है। घटना के बाद से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
