गिरिडीह
झारखंड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता दारा हाजरा को अपना विधायक प्रतिनिधि नियुक्त किया है। नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। विधायक प्रतिनिधि बनाए जाने पर दारा हाजरा ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खड़ा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। साथ ही जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करेंगे। 
जिला प्रशासन को सौंपा गया नियुक्ति पत्र
दारा हाजरा ने बताया कि उनकी नियुक्ति संबंधी पत्र की प्रति गिरिडीह के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा उप विकास आयुक्त को सौंप दी गई है, ताकि विधायक प्रतिनिधि के रूप में वे विभिन्न प्रशासनिक कार्यों और जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के साथ-साथ झामुमो के जिला अध्यक्ष संजय सिंह का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे जनसेवा और विकास कार्यों के माध्यम से सार्थक साबित करने का प्रयास करेंगे। 
विकास कार्यों की निगरानी में निभाएंगे सक्रिय भूमिका
गौरतलब है कि विधायक प्रतिनिधि के रूप में दारा हाजरा अब गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में मंत्री सह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की ओर से जनसमस्याओं के समाधान, प्रशासनिक समन्वय और विकास कार्यों की निगरानी सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।