logo

झारखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने कई जिलों में जारी किया अलर्ट

jharkhand_weather_991.jpg

रांची 
साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में लगातार बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भी दोपहर बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, सबसे अधिक 57 मिमी वर्षा सिमडेगा में हुई। इसके अलावा खूंटी में 43 मिमी, हजारीबाग में 33 मिमी, रांची में 12 मिमी और कोडरमा में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
6 से 8 अगस्त तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र ने 6 अगस्त को रांची, सिमडेगा, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट और भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 7 अगस्त को खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां तथा रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवा भी चल सकती है। 8 अगस्त को रांची, खूंटी और गुमला समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में वज्रपात की घटनाएं भी हो सकती हैं।
वज्रपात से चार लोगों की मौत
राज्य के विभिन्न जिलों में वज्रपात की घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। लातेहार जिले के बारियातू प्रखंड की साल्वे पंचायत अंतर्गत अलखडीहा टोला निवासी किसान बलराम उरांव (40 वर्ष) की ठनका गिरने से मौत हो गई। हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड की चेचकप्पी पंचायत के चौथा गांव निवासी बसवा देवी (50 वर्ष) की भी वज्रपात की चपेट में आने से जान चली गई, जबकि दो अन्य महिलाएं झुलसकर घायल हो गईं। चौपारण प्रखंड के बेलाही गांव में धान की रोपाई के दौरान सबिता देवी (32 वर्ष) की ठनका गिरने से मौत हो गई। घटना के समय वह अपनी सास मीणा देवी (60 वर्ष) और जेठानी रिंकी देवी के साथ खेत में काम कर रही थीं। दोनों बाल-बाल बच गईं। वहीं, हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड की सिकरी पंचायत के जमनीडीह गांव निवासी झमन महतो (55 वर्ष) की भी वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई।

Tags - Jharkhand Weather Heavy Rain Lightning IMD Alert Monsoon Update