बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) ने मंगलवार शाम कोल्हान के रास्ते झारखंड में प्रवेश किया। इसके बाद शाम करीब चार बजे से कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। चक्रवात के खतरे और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए एहतियातन पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, रांची, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं, खराब मौसम के कारण कई ट्रेनों को भी रद्द करना पड़ा है।

कोल्हान में तेज हवाओं और बारिश से नुकसान
तूफान का सबसे ज्यादा असर कोल्हान के घाटशिला, गालूडीह, चाकुलिया, मुसाबनी और बहरागोड़ा में देखने को मिला। इन इलाकों में शाम होते ही मौसम का मिजाज बदल गया और आसमान में अंधेरा छा गया। जुगसलाई समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घाटशिला अनुमंडल और सरायकेला के राजनगर में बारिश दर्ज की गई, जबकि नारगा हाट में तेज हवा के कारण कई दुकानों के प्लास्टिक उड़ गए। बहरागोड़ा में लक्ष्मी पूजा का पंडाल उड़कर तालाब में जा गिरा। वहीं, कोलकाता से आने वाले आर्केस्ट्रा कार्यक्रम को भी रद्द करना पड़ा। पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में भी शाम के समय भारी बारिश हुई।

भारी बारिश का यलो अलर्ट, किसानों की बढ़ी चिंता
मौसम केंद्र ने बुधवार को कोल्हान क्षेत्र में भारी बारिश की आशंका जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। तूफान के प्रभाव से झारखंड के अन्य हिस्सों में भी आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। धनबाद समेत पूरे कोयलांचल क्षेत्र में खराब मौसम के अनुमान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। किसान धान की फसल को लेकर परेशान हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए आने वाले समय में बारिश और तेज हवाओं के प्रभाव पर नजर रखी जा रही है।