logo

जामताड़ा के जंगल से साइबर गैंग का भंडाफोड़, 6 अपराधी गिरफ्तार; फर्जी सिम-फोन सहित कई सामग्री बरामद

jamtara_.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा पुलिस अधीक्षक ने गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने दुलाडीह के जंगल झाड़ में छापेमारी कर साइबर अपराधियों के एक बड़े और सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस निरीक्षक विहारी मराण्डी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने मौके पर ही 6 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। ये अपराधी जंगल में बैठकर झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा तक लगातार ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामग्री में 13 मोबाइल फोन, 18 सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड, 1 आधार कार्ड और 1 मोटरसाइकिल शामिल है। गिरफ्तार सभी अभियुक्त जामताड़ा जिले के विभिन्न गांवों से हैं। जिसमें सनफराज अंसारी, उम्र 28, पिता मुरशेद मियाँ, ग्राम राजाभिठा, इब्राहिम अंसारी, उम्र 22, पिता अकबर अंसारी, ग्राम रिगोचिगों, जनाब अंसारी, उम्र 20, पिता फिरोज अंसारी, सदरूदीन अंसारी, उम्र 28, पिता बहारूद्दीन मियाँ, ग्राम राजाभिठा, बेलाल अंसारी, उम्र 30, पिता शेरअली मियाँ, ग्राम लोकनियर्थी, सराफत अंसारी, उम्र 24, पिता एनाउल अंसारी, ग्राम सिन्दरजोरी शामिल हैं। 
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह धोखाधड़ी का एक विशेष तरीका अपना रहा था। वे खासकर बंधन बैंक सहित विभिन्न बैंकों के ग्राहकों को कॉल करते थे और उन्हें यह कहकर डराते थे कि उनका क्रेडिट/डेबिट कार्ड बंद होने वाला है और उन्हें नया कार्ड लेना होगा। एक बार जब ग्राहक डर जाता था, तो अपराधी उसके मोबाइल पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवा लेते थे। इस ऐप के माध्यम से वे ग्राहकों के ओटीपी, कार्ड नंबर, सीवीवी, पिन और बैंक बैलेंस जैसी सभी गोपनीय जानकारी प्राप्त कर उनके खातों को तुरंत खंगाल देते थे।
इन अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना में कांड संख्या 68/25 के तहत आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jamtara news jamtara khabar jamtara update cyber crime news cyber news