logo

जामताड़ा में भटकी 9 वर्षीय बच्ची को पुलिस और CWC ने सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाया

jam_CHILD1.jpg

जामताड़ा 

जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करमदाहा मंदिर परिसर में एक 9 वर्षीय बच्ची के भटकते हुए मिलने के बाद पुलिस एवं बाल कल्याण समिति (CWC) जामताड़ा की तत्परता से उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचा दिया गया। प्रशासन के पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को करमदाहा मंदिर परिसर में एक नाबालिग बच्ची अकेली भटकते हुए अवस्था में मिली थी। बच्ची अपने परिवार से बिछड़ गई थी और अपने घर का स्पष्ट पता बताने में असमर्थ थी। इधर, सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस सक्रिय हुई और बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।

परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया

इसके बाद बाल कल्याण समिति को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस एवं बाल कल्याण समिति के संयुक्त प्रयास से बच्ची की पहचान की गई। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची के पिता का नाम मथुरा भोक्ता है तथा उनका निवास ग्राम गौदलियाजोर, पोस्ट गादीश्रीरामपुर, थाना गिरिडीह में है। आवश्यक सत्यापन और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को बाल कल्याण समिति के माध्यम से उसके परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में नारायणपुर थाना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समय पर की गई पहल के कारण बच्ची सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकी। परिजनों ने पुलिस एवं बाल कल्याण समिति के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Tags - Missing Child Found Child Welfare Committee CWC Jamtara Child Protection Police Response Community Assistance