चाईबासा:
चाईबासा के सारंडा जंगल में तेज आंधी-तूफान में एक विशाल पेड़ गिरने से घायल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के कोबरा बटालियन के जवान राकेश कुमार की बुधवार को इलाज के क्रम में मौत हो गई. घटना सारंडा के बाबू डेरा कैंप के पास घटी. दिवंगत राकेश कुमार मूलरूप से बिहार के रहने वाले थे. उनकी उम्र 33 साल थी. राकेश कुमार के आकस्मिक निधन से साथियों में शोक की लहर दौड़ गई.
आंधी-तूफान में जवान पर आ गिरा पेड़
गौरतलब है कि सीआरपीएफ जवान राकेश कुमार बाबू डेरा कैंप में पदस्थापित थे. देर रात आंधी-तूफान के दौरान वह अपने कैंप के बाहर एक विशाल पेड़ के पास मौजूद थे, तभी अचानक से एक पेड़ आ गिरा. हादसे में वह बुरी तरह घायल हो गए. घटना के बाद आनन-फानन में जवान का प्राथमिक उपचार हुआ, लेकिन सुबह तबीयत बिगड़ने पर जवान को एयरलिफ्ट कर रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां इलाज के दौरान जवान की मौत हो गई. मृतक जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है.
बिहार के रहने वाले थे जवान राकेश कुमार
दिवंगत सीआरपीएफ जवान राकेश कुमार मूलरूप से बिहार के औरंगाबाद जिला स्थित हसपुरा थानाक्षेत्र के धमनी गांव के रहने वाले थे. 6 अगस्त 1993 को जन्मे राकेश कुमार 8 मार्च 2013 को सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे. राकेश कुमार के पार्थिव शरीर को औरंगाबाद स्थित उनके पैतृक गांव में भेजने की तैयारी की जा रही है. वहीं जवान को अंतिम सलामी दी जायेगी.
जवान राकेश कुमार के आकस्मिक निधन पर डीजीपी, सीआरपीएफ के महानिदेशक समेत अन्य वरीय अधिकारियों ने दुख व्यक्त किया है.