logo

Ranchi : CM हेमंत सोरेन से मिले CRPF के ADG नितिन अग्रवाल, नक्सलियों के खिलाफ अभियान की दी जानकारी

ADG.jpg

रांची: 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल(सीआरपीएफ) के एडीजी नितिन अग्रवाल और आईजी राजीव सिंह ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री को सीआरपीएफ के अधिकारियों ने राज्य में नक्सलियों के विरुद्ध जारी अभियान से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अभियान की गति को और बढ़ाने का निदेश अधिकारियों को दिया। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे उपस्थित थे।

इन जिलों में सर्च ऑपरेशन जारी
गौरतलब है कि बीते कई दिनों से लोहरदगा, लातेहार और गुमला के जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान सर्च टीम में शामिल हैं। बीते शुक्रवार और शनिवार को लोहरदगा के पेशरार थानाक्षेत्र अंतर्गत बुलबुल के जंगलों में 2 अलग-अलग आईईडी ब्लास्ट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 3 जवान घायल हो गये थे। घायल जवानों को वायु मार्ग द्वारा इलाज के लिए रांची लाना पड़ा था। 

रविंद्र गंझू दस्ते की तलाश में जवान
अभी भी इन जिलों में सर्च ऑपरेशन जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षाबलों को इनपुट मिला है कि भाकपा (माओवादी) का जोनल कमांडर रविंद्र गंझू अपने दस्ते के साथ इस इलाके में छिपा है। रविंद्र गंझू पर 15 लाख रुपये का इनाम है। पुलिस और सुरक्षाबल के जवान इसी दस्ते की तलाश में जुटे हैं। कहा जा रहा है कि सुरक्षाबलों की घेराबंदी से नक्सलियों के लिए रसद पहुंचना मुश्किल हो गया है। नक्सली घने जंगलों में फंस गये हैं।