logo

श्रावणी मेला 2026 : चौथी सोमवारी पर देवघर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कंट्रोल रूम से मेला क्षेत्र की लाइव निगरानी

WhatsApp_Image_2026-08-24_at_9_51_54_AM.jpeg

देवघर
राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के पावन अवसर पर चौथी और अंतिम सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ मंदिर सहित पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कांवरियों की सुरक्षा, सुलभ जलार्पण और कतार प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
कंट्रोल रूम से हो रही लाइव निगरानी
इसी क्रम में आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से बाबा मंदिर स्थित मुख्य कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। दोनों वरीय अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों और वीडियो वॉल के माध्यम से पूरे मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था एवं रूट लाइनिंग की लाइव निगरानी की।
क्यू मॉनिटरिंग से कतार व्यवस्था पर नजर
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने रूट लाइनिंग के विभिन्न कतार बिंदुओं के साथ मंदिर परिसर के आंतरिक और बाहरी क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं की कतार की स्थिति की समीक्षा की गई, ताकि कतार लगातार गतिमान रहे और किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ जमा न हो।
संवेदनशील प्वाइंट पर कड़ी नजर रखने का निर्देश
उपायुक्त ने IMCR और मंदिर कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं तकनीकी टीम को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र के प्रत्येक संवेदनशील प्वाइंट पर लगातार कड़ी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर श्रद्धालुओं की कतार धीमी होती है या भीड़ बढ़ती है, तो इसकी सूचना तत्काल ऑन-ड्यूटी मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
चौथी सोमवारी पर बड़ी संख्या में पहुंचे कांवरियों को सुरक्षित और सुलभ जलार्पण कराने के लिए प्रशासन की ओर से विभिन्न स्तरों पर निगरानी की जा रही है। कंट्रोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी और क्यू मॉनिटरिंग सिस्टम की मदद से भीड़ एवं कतार व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार उपस्थित थे।

Tags - Deoghar Shravani Mela Baba Baidyanath Temple Fourth Somwari Jharkhand News