द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा के उपायुक्त रवि आनंद ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनता दरबार में आम लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 60 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें उनके समक्ष रखीं। जनता दरबार में मतदाता सूची से नाम हटाने, भूमि विवाद, मारपीट, भू-अर्जन मुआवजा, अधिक बिजली बिल, खराब चापाकल, राशन वितरण में गड़बड़ी और आवास योजना से जुड़े कई मामले सामने आए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर परिषद मिहिजाम में कार्यरत 8 सीआरपी ने 15 महीने से मानदेय नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने तुरंत संज्ञान लेते हुए कार्यपालक पदाधिकारी से जानकारी प्राप्त की और जल्द भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एक व्यक्ति द्वारा मतदाता सूची से नाम हटाने की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए। वहीं एक महिला की अधिक बिजली बिल की शिकायत पर संबंधित अभियंता को सुधारात्मक कार्रवाई कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।
भू-अर्जन से जुड़े मामलों में बताया गया कि राशि के अभाव में भुगतान लंबित है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवश्यक अधियाचना भेजने और राशि उपलब्ध होते ही भुगतान करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा चापाकल मरम्मत, राशन वितरण और अन्य जनसमस्याओं पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे प्रत्येक मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में आकर अपनी समस्याएं निसंकोच रखें, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
.jpeg)