logo

हजारीबाग : अपराधियों ने पेट्रोल पंप मैनेजर को बनाया निशाना, फायरिंग कर लूटे करीब 2 लाख रुपये, जांच में जुटी पुलिस

hzb_petrol_pump_loot.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग शहर के खिरगांव स्थित आर.आर. पेट्रोल पंप के मैनेजर अवधेश कुमार बीती रात अपराधियों के निशाने पर आ गए। जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप से निकलने के बाद अज्ञात अपराधियों ने उनका पीछा किया और नमस्कार चौक के पास उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के कारण अवधेश कुमार बाइक से गिर पड़े, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई। साथ ही, करीब 2 लाख 80 से 90 हजार रुपये की लूट की आशंका जताई जा रही है।
घायल अवस्था में अवधेश कुमार को तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वह मूल रूप से कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद गांव के निवासी हैं। घटना के समय वह बैंक बंद होने की वजह से बैंक का कलेक्शन लेकर इमली कोठी चौक स्थित पेट्रोल पंप मालिक के घर पैसा पहुंचाने जा रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने घटना को अंजाम देने से पहले मैनेजर की रेकी की थी। पेट्रोल पंप कर्मियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ संदिग्ध व्यक्ति पंप के आसपास घूमते देखे गए थे। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले इचाक के सालफर्नी पेट्रोल पंप में भी मैनेजर पर लूटपाट की कोशिश की गई थी। अब एक बार फिर पेट्रोल पंप मैनेजर को निशाना बनाया जाना जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं की गंभीरता को दर्शाता है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ा बाजार थाना पुलिस हरकत में आ गई। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने हमारे संवाददाता से टेलीफोन पर बातचीत में बताया कि मामला संज्ञान में आते ही जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटना में प्रयुक्त वाहन को ट्रैक करने के प्रयास में जुटी हुई है। उन्होंने कहा, "पीड़ित के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और बहुत जल्द आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।" इस बीच, पुलिस घटना स्थल और पेट्रोल पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, जिसमें संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं।



 

Tags - hazaribagh loot latest hazaribagh loot Updates latest jharkhand News latest updates jharkhand Updates latest  jharkhand news hazaribagh loot News loot news hazaribagh hazaribagh loot Updates hazaribagh New petrol Pump Hazaribagh news\