द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टायो कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सनकी बेटे ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुत्र स्वयं गम्हरिया थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना टायो कॉलोनी स्थित जीएफ फ्लैट संख्या दो की है। मृतक की पहचान रामा नाथ दास (55) के रूप में हुई है, जो टीजीएस के कर्मी थे और हाल ही में ईएसएस ले चुके थे। बताया जाता है कि आरोपी पुत्र ने दावली से पिता के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर बेरहमी से हमला किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल का दृश्य देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।.jpeg)
सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस के साथ एसडीपीओ समीर कुमार सवैया मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।.jpg)
बताया जाता है कि मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। उनकी पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि पुत्र की भी शादी हुई है, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी अलग रहती है। पिता और पुत्र टायो कॉलोनी के उक्त फ्लैट में अकेले रहते थे। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है और आरोपी पुत्र से लगातार पूछताछ जारी है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।