रांची:
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार प्रणव झा की उम्मीदवार के लिए आरजेडी और वामदल को जिम्मेदार ठहराया। क्रॉस वोटिंग के आरोपों पर अब भाकपा (माले) का जवाब आया है। पार्टी के झारखंड सचिव मनोज भक्त ने कहा कि राज्यसभा चुनाव 2026 में पार्टी के दोनों विधायक कॉ. अरूप चटर्जी और कॉ. चंद्रदेव महतो ने कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा के पक्ष में मतदान किया। मतदान प्रक्रिया के दौरान पार्टी की ओर से पोलित ब्यूरो सदस्य कॉ. हलधर महतो एवं केंद्रीय कमिटी सदस्य कॉ. गीता मंडल अधिकृत एजेंट के रूप में मौजूद थे और उन्होंने इसकी पुष्टि की है। पार्टी की ओर से अधिकृत एजेंट हलधर महतो वहां मौजूद थे। पार्टी के विधायकों ने वोट देकर उन्हें दिखाया। कांग्रेस के उम्मीदवार प्रणव झा को ही पार्टी विधायकों ने वोट किया है।

कांग्रेस छुपा रही है अपनी कमजोरियां
मनोज भक्त ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के परिणाम से साफ है कि कांग्रेस अपने विधायकों को संभालने में विफल रही है। कांग्रेस अपनी कमजोरियों छिपाने के लिए अनर्गल प्रलाप कर रही है। कांग्रेस का बिकने का इतिहास रहा है। दूसरों पर उंगली उठाने से पहले कांग्रेस को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।
भाकपा (माले) ने गठबंधन धर्म माना
उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) इंडिया गठबंधन की एक जिम्मेदार सहयोगी पार्टी है और उसने गठबंधन धर्म का पालन करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन किया है। इसलिए निराधार आरोप लगाने के बजाय कांग्रेस नेतृत्व को अपने भीतर हुई टूट और क्रॉस वोटिंग के कारणों की गंभीर समीक्षा करनी चाहिए।