द फॉलोअप डेस्क
मेदिनीनगर स्थित जीएलए कॉलेज परिसर में नगर निकाय चुनाव की मतगणना जारी है। 23 फरवरी को हुए मतदान के बाद आज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतों की गिनती शुरू की गई। पांच नगर निकाय सीटों के लिए बनाए गए इस मतगणना केंद्र पर प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कुल 79 टेबलों पर अलग-अलग राउंड में मतों की गिनती कराई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए गए हैं। केंद्र के भीतर प्रवेश से पहले सभी की सघन जांच की जा रही है तथा बिना अनुमति किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं है।

मेदिनीनगर नगर निगम के लिए 27 टेबल लगाए गए हैं, जहां पांच राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी। विश्रामपुर नगर परिषद के लिए 13 टेबल पर तीन राउंड में मतों की गिनती होगी। वहीं छतरपुर नगर पंचायत के लिए 12 टेबल पर दो राउंड निर्धारित किए गए हैं। हुसैनाबाद नगर पंचायत में 15 टेबल पर दो राउंड में मतगणना कराई जा रही है, जबकि हरिहरगंज नगर पंचायत के लिए 12 टेबल पर दो राउंड में प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतगणना शुरू होते ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की नजर हर राउंड के परिणाम पर टिकी हुई है। जैसे-जैसे राउंड पूरे होंगे, विभिन्न नगर निकायों के भविष्य की तस्वीर साफ होती जाएगी। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि निर्धारित समय के भीतर सभी सीटों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।