रांची
नाम – नरेश रजक, पेशा – शिक्षक। नरेश रजक पिछले सात साल से नामकुम अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे 6 डिसिमल जमीन के करेक्शन स्लिप के लिए। आज वे दूसरी बार उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार पहुंचे। इस बार उनके चेहरे पर राहत की मुस्कान थी – उनकी समस्या का समाधान हो गया था। उन्होंने उपायुक्त का दिल से आभार जताया। आज जनता दरबार में आई कई शिकायतों का समाधान हुआ। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की उपस्थिति में जिला प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा और बढ़ा है। जनता दरबार में समस्याएं लेकर आने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 26 मई 2025 को आयोजित दरबार में शहरी और ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उपायुक्त ने अपने कार्यालय में एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं।
जनता दरबार में राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, भूमि पर अवैध कब्जा और बिक्री से जुड़ी शिकायतों पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को तत्काल जांच और समाधान के निर्देश दिए। भूमि संबंधी मामलों की ऑनलाइन स्थिति देखते हुए अंचल अधिकारियों को फोन पर भी निर्देश दिए गए। 19 मई 2025 के जनता दरबार में सुकर पालक संघ ने होटल वेस्टेज पर रोक लगाने की मांग की थी। उपायुक्त ने उन्हें पूरी सूची उपलब्ध कराने को कहा था। आज संघ ने सूची सौंप दी। उपायुक्त ने नगर निगम को जरूरी कार्रवाई करने का आदेश दिया।
दरबार में जमीन पर अवैध कब्जा और बिक्री की शिकायतें भी सामने आईं। उपायुक्त ने इन्हें गंभीरता से लेते हुए अंचल अधिकारियों और अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।