logo

ड्यूटी के बाद गेट पर गिरा ठेका कर्मी, मौत से मचा बवाल, मुआवजे को लेकर परिजनों का हंगामा

TATA_KARMI.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

जमशेदपुर में एक ठेका कर्मी की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक की पहचान बर्मामाइंस निवासी सत्यनारायण निशाद (48) के रूप में हुई है, जो टाटा स्टील में ठेका के तहत कार्यरत थे। मिली जानकारी के अनुसार, सत्यनारायण निशाद की ड्यूटी दोपहर 2 से रात 10 बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त कर जैसे ही वे कंपनी गेट से बाहर निकले, अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी ओर घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे।

परिजनों ने कंपनी और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ठेकेदार की ओर से सहयोग और मुआवजे का आश्वासन दिया गया था, लेकिन तय समय पर उसके नहीं पहुंचने से परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। नाराज परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मुआवजा और सहायता नहीं मिली, तो वे कंपनी गेट पर प्रदर्शन कर जाम लगाएंगे। वहीं इस घटना के बाद प्रशासन नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि मृतक वैध वर्कर पास के साथ ठेका कंपनी के माध्यम से कार्यरत थे। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर चक्कर आने से गिरने की बात सामने आ रही है। पुलिस और कंपनी प्रबंधन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

Tags - Jamshedpur contract worker death suspicious circumstances Satyanarayan Nishad Tata Steel duty hours collapsed at company gate security staff response ambulance Tata Main Hospital workplace safety contract labor