रांची
जदयू नेता सागर कुमार ने बिहारियों की तुलना घुसपैठियों से करने के लिए कांग्रेस से माफी की मांग की है। बता दें कि कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की के बांग्लादेशी घुसपैठियों की बिहारियों से तुलना वाले बयान की प्रदेश जदयू ने निंदा की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने कहा कि ऐसी टिप्पणी निंदनीय है। कांग्रेस को बिहारियों के अपमान पर माफ़ी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के बिहार मूल के नेताओं को अपने विधायक के बयान का मुखर होकर विरोध करना चाहिए।

उन्होंने कहा, उनकी चुप्पी बिहार और बिहारियों के प्रति कांग्रेस की मानसिकता को उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि सवाल कुछ और विधायक का जवाब कुछ है। इससे स्पष्ट है कि बयान चुनावी लाभ लेने के उद्देश्य से दिया गया है। झारखंड बिहार से ही अलग हुआ है। यह बात किसी को नहीं भूलनी चाहिए। जो राज्य गठन के बाद झारखंड में रह गये वह स्वतः झारखण्डी हैं। उन्हें प्रमाण की आवश्यकता नहीं।