द फॉलोअप डेस्क
मांडर प्रखंड के ब्राम्बे स्थित तिग्गा कॉम्प्लेक्स में सोमवार को कांग्रेस की ओर से संगठन सृजन अभियान के तहत लोहरदगा लोकसभा स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में बूथ से लेकर लोकसभा स्तर तक संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ मैदान में उतारने, जनता से लगातार संवाद स्थापित करने और संगठन की कार्यशैली में बदलाव को लेकर मंथन किया गया। नेताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे साल जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहने से होगी। कार्यक्रम में अपेक्षाकृत कम पदाधिकारियों की मौजूदगी पर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि संगठन में जिम्मेदारी लेने वाले हर पदाधिकारी को अपने दायित्व के प्रति गंभीर और सक्रिय रहना होगा। जो लोग जिम्मेदारी लेने के बावजूद संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय नहीं हैं, उनके दायित्व की समीक्षा की जानी चाहिए और जरूरत पड़ने पर उन्हें हटाकर सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के लिए जवाबदेही, अनुशासन और सक्रियता सबसे जरूरी है। वहीं प्रभारी के. राजू ने कहा कि संगठन के कामकाज की हर तीन महीने में समीक्षा होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत स्तर पर नहीं, बल्कि टीम के रूप में काम करने और किसी भी समस्या को वरिष्ठ पदाधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में कांग्रेस के प्रभारी के. राजू, सह प्रभारी सिरीवेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, भूपेश मरावी, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद सुखदेव भगत, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

पंचायत स्तर से संगठन को सक्रिय करने पर जोर
के. राजू ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय जनता के बीच न जाएं, बल्कि ग्राम पंचायत कमेटियों को पूरे वर्ष जनता के सुख-दुख में खड़ा रहना होगा। पंचायत स्तर पर नियमित बैठकें, जनसंपर्क अभियान और स्थानीय समस्याओं को मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि ग्रासरूट लेवल पर संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यशैली में भी बदलाव जरूरी है। विधानसभा स्तर पर नए नेतृत्व को तैयार करने और पंचायत से लोकसभा तक संगठन को सक्रिय बनाने की दिशा में लगातार काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, सामूहिक नेतृत्व, ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने से कांग्रेस लोकसभा और विधानसभा दोनों स्तरों पर बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। SIR के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने जोरदार विरोध का ऐलान किया। के. राजू ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की गलत नीतियों के कारण बड़ी संख्या में लोगों को मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और किसी भारतीय नागरिक को मताधिकार से वंचित करना लोकतांत्रिक एवं मौलिक अधिकारों पर प्रहार है।

शिल्पी नेहा तिर्की बोलीं- बूथ स्तर तक संगठन होगा मजबूत
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और जनहित के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से बनती है। आगामी लोकसभा चुनाव को उन्होंने लोकतंत्र, संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा की लड़ाई बताया और कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा, एकजुटता और समर्पण के साथ जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य जनता की आवाज को मजबूत करना और राहुल गांधी को देश का प्रधानमंत्री बनाने की दिशा में पूरी ताकत से काम करना है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत है।