द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Congress protest against Gyanesh Kumar in Ranchi: मतदाता सूची में नामों के कथित विलोपन को लेकर रांची में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। उपायुक्त कार्यालय के बाहर हुए इस प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अलग अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी कटे हुए वोटरों को प्रतीकात्मक रूप से ‘भूत’ के रूप में दिखाते हुए सड़क पर उतरे और ज्ञानेश कुमार(Gyanesh Kumar) का पुतला फूंककर इस्तीफे की मांग की।
कांग्रेस नेता कुमार राजा ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में संशोधन के नाम पर बड़ी संख्या में वैध भारतीय नागरिकों के नाम हटाए जा रहे हैं। पार्टी का कहना है कि विदेशी या अवैध नागरिकों के नाम हटाने पर उसे कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन भारतीय नागरिकों के मताधिकार को प्रभावित करने वाली किसी भी कार्रवाई का विरोध किया जाएगा।

13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए- सुरेश बैठा
प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, रांची महानगर अध्यक्ष कुमार और रमा खलखो समेत कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने दावा किया कि झारखंड में करीब 29 लाख और देश भर में 13 करोड़ मतदाताओं के नाम अभी तक मतदाता सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का आंदोलन केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि वंचित और गरीब लोगों के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा हुआ है।