logo

JPSC समेत अन्य भर्ती बोर्ड में भाजपा के लोग बैठे हैं, तभी CBI जांच चाहते हैं- नमन बिक्सल कोंगाड़ी

naman_viksal.jpg

द फोलोअप डेस्क 
झारखंड में JPSC, JSSC CGL समेत अन्य नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितता को लेकर आंदोलनरत छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सरकार छात्र हित में कार्रवाई कर रही है। प्रेस वार्ता के दौरान आंदोलनरत युवाओं और छात्रों के संबंध में पूछे गए सवाल पर विधायक ने आरोप लगाया कि JPSC सहित अन्य परीक्षा एवं नियुक्ति बोर्ड में भाजपा से जुड़े लोग बैठे हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत सामने आने के बाद कांग्रेस और राज्य सरकार ने छात्र हित को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच सीआईडी को सौंपी है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
CBI के बहाने जांच की दिशा मोड़ने की साजिश
विधायक ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार CID की जगह CBI से जांच कराने का दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि CBI केंद्र सरकार के अधीन काम करती है, जबकि CID राज्य सरकार के अधीन है। उनके अनुसार राज्य सरकार का उद्देश्य जांच के माध्यम से वास्तविक दोषियों तक पहुंचना और युवाओं को न्याय दिलाना है। विधायक कोंगाड़ी ने कहा कि यदि CID की जांच में किसी स्तर पर निष्पक्षता नहीं रहती है तो राज्य सरकार कार्रवाई करने में पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह मामले को CBI को सौंपकर जांच को लंबा खींचने अथवा उसे दूसरी दिशा में ले जाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राज्य सरकार ऐसा नहीं होने देगी। विधायक ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले हजारों छात्र और युवा अपनी मेहनत और भविष्य को लेकर चिंतित हैं। परीक्षा और नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। 
युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है हेमंत सरकार!
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हितों और रोजगार के मुद्दे को लेकर गंभीर है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से भी धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और युवाओं के हित में आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

ताज़ा अपडेट और झारखंड से जुड़ी हर बड़ी खबर सबसे पहले पाने के लिए फॉलोअप चैनल से जुड़ें। इस लिंक पर क्लिक करें 
LINK:-  https://chat.whatsapp.com/DdX2QKNLuXZED0RxpZ3koc

Tags - Jharkhand News JPSC JSSC CGL Naman Bixal Kongadi Student Protest