द फॉलोअप डेस्क
झारखंड से राज्यसभा के लिए नामित किए जाने पर कांग्रेस नेता ने पार्टी नेतृत्व और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अपने गृह राज्य झारखंड का राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए बड़े सौभाग्य की बात है।
राहुल गांधी के साथ सीएम हेमंत का जताया आभार
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मालीकाजुर्न खड़गे, सीपीपी चेयरपर्सन सोनिया गांधी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, संगठन महासचिव के.सी वेणुगोपाल, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, झारखंड प्रभारी के.राजू , प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का विशेष रूप से आभार जताया।

पार्टी के विश्वास पर खरा उतरूंगा
प्रणव झा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने एक सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले व्यक्ति पर जो भरोसा और विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने खुद को कांग्रेस का एक सिपाही बताते हुए कहा कि पार्टी की समावेशी और समतामूलक विचारधारा के प्रति उनकी पूरी निष्ठा है। राज्यसभा के लिए नामांकन को लेकर उन्होंने कहा कि देश में चल रही वैचारिक लड़ाई के बीच यह अवसर उन्हें जनहित और पार्टी की विचारधारा के लिए सार्थक योगदान देने का माध्यम प्रदान करेगा। उन्होंने सभी शुभचिंतकों और समर्थकों की ओर से मिल रही शुभकामनाओं के लिए भी आभार व्यक्त किया।