रांची
झारखंड में कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने देश की वर्तमान परीक्षा प्रणाली और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आज देश के नौजवानों और छात्र-छात्राओं का गुस्सा सातवें आसमान पर है। इस भ्रष्ट कुव्यवस्था से पीड़ित युवा पूरी तरह से लोकतांत्रिक और अहिंसात्मक तरीके से सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदीप यादव ने रविवार को रांची स्थित कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि यह बेहद कड़वा सच है कि पेपर लीक के कारण देश में दो दर्जन से अधिक होनहार छात्र-छात्राओं ने तंग आकर खुदकुशी कर ली है। लेकिन, सत्ता के नशे में चूर देश के प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार को न तो इन परिवारों का दर्द महसूस हो रहा है और न ही युवाओं के आक्रोश की गूंज सुनाई दे रही है। प्रधानमंत्री इन गंभीर हालातों से पूरी तरह आंखें मूंदे बैठे हैं।

भाजपा सरकार को छात्रों के भविष्य की तनिक भी चिंता नहीं
सरकारी रिकॉर्ड्स का हवाला देते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता ने बताया कि वर्ष 2014 से लेकर अब तक देश में विभिन्न महत्वपूर्ण परीक्षाओं के 152 पेपर लीक हो चुके हैं। जम्मू-कश्मीर से लेकर तमिलनाडु तक फैली इस बीमारी से करीब 7.5 करोड़ छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसके बावजूद आज तक किसी भी बड़े दोषी को सजा नहीं मिल सकी है और न ही सरकार ने इस पर कोई जवाबदेही तय की है। नीट परीक्षा के पेपर लीक के बाद जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया, सरकार के किसी नुमाइंदे ने उनसे मुलाकात कर उनका हाल-चाल तक जानने की जहमत नहीं उठाई। प्रदीप यादव ने कहा कि हर साल करोड़ों छात्र दिन-रात 8 से 10 घंटे तक कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन यह भ्रष्ट व्यवस्था उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर देती है। दिल्ली में बैठी भाजपा सरकार को छात्रों के भविष्य की तनिक भी चिंता नहीं है। उनकी एकमात्र प्राथमिकता यह है कि कैसे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) जैसे देश के बड़े शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और अपने विचारधारा के लोगों को बिठाया जाए।

राहुल गांधी ने छात्रों के इस दर्द को समझा
प्रदीप यादव ने कहा कि देश और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छात्रों के इस दर्द को समझा है और उनकी आवाज को बुलंद करने का काम किया है। देहरादून और राजस्थान में सरकार ने उनके कार्यक्रमों को रोकने और रद्द करने की तमाम कोशिशें कीं, लेकिन युवाओं का राहुल गांधी पर अटूट विश्वास है। राहुल गांधी ने साफ कर दिया है कि वे राजनीति करने नहीं, बल्कि शिक्षा जगत से भ्रष्टाचार और कुव्यवस्था को खत्म कर छात्रों की इस लड़ाई को धार देने आए हैं। उनके इस आह्वान पर हजारों छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रमों में शिरकत की है। वहीं इस दौरान कांग्रेस पार्टी के द्वारा चलाई जा रही छात्रों की गूंज कार्यक्रम के संयोजक कुमार राजा ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान देश के 28 शहरों में 40 दिनों तक चलाया जा रहा है। इसके पहले और दूसरे सप्ताह के कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं। इस अभियान के तहत छात्रों से संवाद, मैराथन दौड़, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई हैं। इसी कड़ी में रविवार को मशाल जुलूस निकालकर छात्रों का संदेश सरकार तक पहुंचाया जायेगा।