चाईबासा
कांग्रेस की सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल ने सिंहभूम जिले के कुदाहातु गांव में लंबे समय से जारी पेयजल संकट को लेकर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि चाईबासा जिले जिले के कुदाहातु गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने इसे लेकर प्रदर्शन किया है और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। पिछले 8 महीने से लोग गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे है। मंडल ने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने इसके लिए मंत्री योगेंद्र प्रसाद से अनुरोध किया है।

दरअसल, कुदाहातु गांव के लोग पिछले आठ महीनों से पानी की किल्लत झेल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) से बना जल मीनार खराब पड़ा है, जिसके कारण गांव में पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को रोजाना दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन से तुरंत समाधान की मांग की। उनका आरोप है कि ‘हर घर नल योजना’ और अन्य जलापूर्ति योजनाएं केवल कागजों पर सीमित रह गई हैं। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन की राह अपनाएंगे। आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य मान सिंह तिरिया ने भी कहा कि सिर्फ कुदाहातु ही नहीं, बल्कि जिले के कई गांव पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द जल मीनार की मरम्मत कराकर ग्रामीणों की समस्या दूर करने की मांग की।
.jpg)