द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने मुड़मा की घटना को आपराधिक कृत्य करार देते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह ऐसे अपराधियों को घृणित कार्य है जो समाज में सौहार्द और भाईचारा नहीं देखना चाहते। बंधु तिर्की ने कहा कि ग्रामीण एकजुट हैं और उनका आपसी सद्भाव अवांछित तत्वों का मंसूबा सफल नहीं होने देगा।

सभ्य समाज के लिए ऐसी घटना शर्मनाक
बंधु तिर्की ने कहा कि मुड़मा में लोग मेलजोल से रहते हैं। ऐसे गांव में मंदिर और मूर्तियों को खंडित करना बेहद निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना सभ्य समाज के लिए शर्मनाक है। बंधु तिर्की ने उक्त घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए इसे गहरी साजिश करार दिया।
बंधु तिर्की ने सभी धर्म, जाति और समुदाय के लोगों से आग्रह किया कि वे ऐसी घनटा के खिलाफ मुखरता से खड़े हों। अपराधियों को मुंहतोड़ जवाब दें।

मुड़मा गांव की घटना पर गरमाई सियासत
बता दें कि गुरुवार देर रात मुड़मा गांव में मंदिरों और मूर्तियों को अज्ञात लोगों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-75 को जाम कर दिया। मामले में सियासत भी हो रही है। बीजेपी प्रतिनिधिमंडल ने मुड़मा गांव का दौरा किया। बीजेपी ने इसे तुष्टिकरण का परिणाम बताया।