द फॉलोअप, रांची
भाजपा के प्रदेश नेता आदित्य साहू ने कांग्रेस और झारखंड की झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने और खनिज संपदा से जुड़े कानूनों को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। आदित्य साहू ने कहा कि लोकतंत्र लोकलाज से चलता है, लेकिन कांग्रेस ने लोक लाज को ताक पर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अच्छे कानूनों और प्रावधानों को तोड़-मरोड़कर जनता के बीच भ्रम पैदा करने का काम कर रही है। आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड कांग्रेस के लिए एटीएम बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस को जरूरत पड़ती है, तब झारखंड के संसाधनों का इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा की कथित चोरी से होने वाली कमाई पर रोक लगने की आशंका के कारण कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर विरोध कर रही है। वह आज मीडिया से बातचीत कर रही है।
नए कानून के विरोध को बताया राजनीतिक षड्यंत्र
आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए कानून को लेकर कांग्रेस झारखंड में जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां इस कानून के खिलाफ किसी तरह का विरोध नहीं हो रहा है। साहु ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दे रही है। आदित्य साहू ने झारखंड में कोयला और माइनर मिनरल्स पर लगाए जा रहे सेस को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कोयले पर 450 रुपये प्रति टन और माइनर मिनरल्स पर 600 रुपये प्रति टन सेस लिया जा रहा है। उनका आरोप था कि दूसरे राज्यों की तुलना में झारखंड में यह बोझ अधिक है, जिसके कारण यहां के उद्योगों को दूसरे राज्यों से कच्चा माल खरीदना पड़ रहा है।
बीसीसीएल में कोयला चोरी का आरोप
भाजपा नेता ने बीसीसीएल में बड़े पैमाने पर कोयला चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने केंद्रीय कोयला मंत्री से भी इस विषय पर मुलाकात की है। उन्होंने दावा किया कि चोरी के कारण बीसीसीएल की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। आदित्य साहू ने केंद्र सरकार से चतरा, लातेहार, दुमका और गोड्डा समेत झारखंड के उन इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की, जहां अवैध खनन और खनिज चोरी हो रही है।
.jpeg)
परिसीमन पर दिखावे का आंदोलन
भाजपा नेता ने कहा कि झारखंड की जनता कांग्रेस और राज्य सरकार के कामकाज को देख चुकी है और अब उसके दावों से भ्रमित होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार का जवाब देंगे। आदित्य साहू ने परिसीमन को लेकर चल रही राजनीति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब तक परिसीमन लागू नहीं हुआ है, तब तक सीटों में कमी-बढ़ोतरी को लेकर आंदोलन करना केवल दिखावे की राजनीति है। उन्होंने कांग्रेस पर बेरोजगारी और छात्रों के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। भाजपा नेता ने झारखंड में हुए छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए राज्य सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों से ध्यान भटकाने के लिए दूसरे मुद्दों को उछाला जा रहा है। आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा छात्रों की मांगों को लेकर उनके साथ खड़ी है।
