logo

पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, BJP-कांग्रेस कार्यकर्ता एक दूसरे पर फेंक रहे अंडे-टमाटर

GHERA.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची में गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शन के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर अंडे और टमाटर फेंके। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए "नरेंद्र मोदी हाय-हाय" के नारे लगाते रहे। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहले से तैनात था।


पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भी हुई झड़प
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच भी धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग के पास सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर पहले से कंटीले तार, बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस कार्यकर्ता नीट सहित विभिन्न पेपर लीक मामलों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले भाजपा ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव किया था। इसके जवाब में कांग्रेस ने आज विरोध प्रदर्शन किया, जिसके दौरान राजधानी का सियासी माहौल एक बार फिर गरमा गया। प्रशासन ने पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Tags - Ranchi Congress BJP Protest Jharkhand Politics