द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के सरकारी कार्यालयों में बाह्यश्रोत (एजेंसी) के माध्यम से बहाल कंप्यूटर ऑपरेटर्स व डाटा इंट्री ऑपरेटरों ने समान काम का समान वेतन दिए जाने की मांग सीएम हेमंत सोरेन से की है। इसको लेकर रविवार को मोरहाबादी मैदान में विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मियों ने बैठक की। कर्मियों ने राज्य को इस संबंध में आवेदन पत्र लिखा है। जिसमें कहा है कि झारखंड के सरकारी कार्यालयों/विभागों में बाह्यश्रोत के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों व संविदा/ एफमुश्त राशि के आधार पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेट के मानदेय में भारी अंतर (36,800-19400-17400) है। बाह्यश्रोत के माध्यम से कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर इस भेदभाव को खत्म करने एवं समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग वर्षों से करते आ रहे हैं लेकिन आज तक हमें साथ नहीं मिला।

लंबे समय से दे रहे हैं सेवा
कर्मियों का कहना है कि राज्य सरकार के विभिन्न कार्यालयों/विभागों में हम सब लगभग 10 वर्षों से निरंतर अपनी सेवा दे रहे हैं। हम में से बहुत सारे कर्मियों ने तो अपनी आधी से ज्यादा जिंदगी इसी सेवा में गुजार दी है। उचित न्याय की प्रत्याशा में जीवन के अंतिम पड़ाव तक पहुंच गए हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री से आग्रह है कि वे हमारी उचित मांगों पर ध्यान देकर हमारी समस्या को दूर करें और समान काम का समान वेतन मिले।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N