जमशेदपुर
टाटानगर रेलवे स्टेशन की पार्किंग व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। मंगलवार को एक यात्री के परिजन से मात्र 5 घंटे वाहन पार्क करने पर ₹5310 वसूल लिए गए, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों ने पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गाड़ी 11:40 बजे दिन में पार्क की गई थी और शाम 4:31 बजे निकाली गई। महज 4 घंटे 51 मिनट की पार्किंग के लिए इतनी बड़ी राशि वसूलने पर लोग भड़क उठे। पार्किंग कर्मियों ने अपनी सफाई में कहा कि ठेका करीब सात करोड़ रुपए में लिया गया है और शुल्क कानून के तहत ही लिया जा रहा है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने इसे ठेकेदार की मनमानी बताया।
.jpeg)
शिकायत दर्ज, लेकिन रेल प्रशासन मौन
विवाद के बाद पीड़ित व्यक्ति ने आरपीएफ थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं, रेल प्रशासन और एरिया मैनेजर इस पूरे मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। यात्रियों का आरोप है कि यह सबकुछ रेलवे और आरपीएफ की मिलीभगत से हो रहा है। इससे पहले भी एक अन्य यात्री ने रेलवे के "मदद" पोर्टल पर शिकायत करते हुए बताया था कि 1 घंटे 49 मिनट की पार्किंग पर ₹1770 वसूले गए।
.jpg)
स्थानीय लोगों की चेतावनी
स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि अगर यह मनमानी वसूली और प्रशासन की चुप्पी यूं ही चलती रही तो कभी भी पार्किंग क्षेत्र में कोई गंभीर घटना घट सकती है। लोगों ने मांग की है कि पार्किंग शुल्क की स्पष्ट दर तय कर सार्वजनिक की जाए और ठेकेदार की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए।
नेताओं की भी प्रतिक्रिया
इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेत्री ब्यूटी मंडल ने भी ट्वीट कर रेल मंत्रालय से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने लिखा, “टाटानगर स्टेशन में 5 घंटे की पार्किंग के लिए वसूले गए ₹5310। कृपया संज्ञान लें महोदय।” रेलवे की ओऱ इस ट्वीट पर संज्ञान लिया गया है और तत्काल मामले की जांच का आश्वासन दिया गया है।
