द फॉलोअप डेस्क, रांची
Fiber Cable News: रांची नगर निगम ने तीन दिनों के भीतर बिजली के खंभों पर बेतरतीव ढंग से लटकते इंटरनेट के ऑप्टिकल फाइबर केबल को हटाने का अल्टीमेटम दिया है। अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा है कि अगर समय सीमा के भीतर ऑप्टिकल फाइबर नहीं हटाया गया तो निगम कड़ी कार्रवाई करेगा। वह आज इंटरनेट फाइबर सेवा प्रदाता कंपनियों, दूरसंचार अवसंरचना से जुड़ी एजेंसियों, केबल ऑपरेटरों एवं बिजली विभाग के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्देश दिया। बैठक में JIO, EDIPL, इंडस टावर, प्रोटो, बीएसएनएल सहित संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अपर नगर आयुक्त ने संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों को स्पष्ट रूप से कहा कि बिजली के खंभों पर लगे ओवरहेड फाइबर केबल को व्यवस्थित करने के लिए पूर्व में कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं किया जाना खेदजनक है। उन्होंने कहा कि कंपनियों द्वारा केबल बिछाने एवं रखरखाव के दौरान उचित व्यवस्था नहीं अपनाए जाने के कारण शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है तथा प्रमुख मार्गों पर बिजली के खंभों से बेतरतीब ढंग से लटकते तार शहर की छवि को खराब कर रहीहै। अपर नगर आयुक्त ने सभी संबंधित एजेंसियों को अंतिम अवसर देते हुए निर्देश दिया कि शहर के विभिन्न मार्गों पर बेतरतीब ढंग से लगे, लटकते एवं अव्यवस्थित फाइबर केबल को अविलंब व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्देशों की अनदेखी करने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
.jpeg)
कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक तीन दिनों में व्यवस्थित होंगे केबल
बैठक के उपरांत अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ कचहरी रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिनिधियों को प्रत्यक्ष रूप से दिखाया कि किस प्रकार बिजली के खंभों पर बेतरतीब ढंग से लटकते एवं अव्यवस्थित फाइबर केबल शहर की सुंदरता को प्रभावित कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर सर्वप्रथम कचहरी चौक से राजेंद्र चौक तक सभी लटकते एवं बेतरतीब ढंग से लगे फाइबर केबल को व्यवस्थित किया जाए। इसके साथ ही शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी चरणबद्ध तरीके से केबलों को सुव्यवस्थित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने तथा भविष्य में केबल लगाने एवं उनके रखरखाव के दौरान निर्धारित मानकों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों का पालन करने का निर्देश दिया।

बिजली विभाग तैयार कर रहा SOP
बैठक में बिजली विभाग के प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि बिजली के खंभों पर इंटरनेट फाइबर केबल लगाने एवं उन्हें व्यवस्थित रखने के संबंध में विभाग द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार की जा रही है। इसके अंतर्गत संबंधित एजेंसियों को अपने फाइबर केबल एवं तारों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थित करना होगा, ताकि बिजली के खंभों पर अनियंत्रित एवं बेतरतीब ढंग से केबल लगाने की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
.jpeg)