logo

करमाटांड़ में सोशल मीडिया पोस्ट पर सांप्रदायिक तनाव, FIR दर्ज; हिंदूवादी संगठनों का मौन जुलूस

WhatsApp_Image_2026-08-25_at_10_57_41_AM.jpeg

जामताड़ा:

जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के थांडारडीह गांव में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो और उस पर की गई धार्मिक टिप्पणी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग के विरोध में हुई घटना ने अब राजनीतिक और सामाजिक तूल पकड़ लिया है। गत 22 अगस्त को थांडारडीह गांव निवासी भूदेव यादव के घर में हुई तोड़फोड़, मारपीट और धार्मिक स्थल को नुकसान पहुंचाने के मामले में कर्माटांड़ थाना में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस पर हमला और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में 23 नामजद और 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 
पुलिस पर हमला और सरकारी काम में बाधा का आरोप
मामले में पहली प्राथमिकी पुलिस की ओर से दर्ज कराई गई है। कर्माटांड़ थाना में पदस्थापित सहायक उप-निरीक्षक (ASI) आलम अंसारी के बयान पर कांड संख्या 62/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की करने का आरोप है। पुलिस प्राथमिकी में नसरुद्दीन अंसारी उर्फ पगना, मनुबर अंसारी, जाहिद अंसारी, रियाज अंसारी, मिराज अंसारी, असलम मियां, इरशाद अंसारी, जमाल अंसारी, सफीक अंसारी, उस्मान जनी, शमीम अंसारी, गुलाम राजा, तारिक अजीज, केला अंसारी, बाबूजन अंसारी, शिबू मियां, कासिम मियां, हुसैन अंसारी, मुस्लिम मियां, इस्लाम मियां, असमल अंसारी और कमरुद्दीन मियां सहित 23 लोगों को नामजद तथा 500 अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। प्राथमिकी के अनुसार, भूदेव कुमार यादव द्वारा फेसबुक वीडियो पर की गई टिप्पणी के विरोध में 500 से 600 लोगों की उग्र भीड़ हथियारों के साथ भूदेव के घर के पास एकत्र हो गई और जबरन घर में घुसने का प्रयास करने लगी। गश्ती दल ने जब भीड़ को समझाने की कोशिश की, तो उग्र भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर सरकारी वाहन के शीशे और सामान तोड़ दिए।
मंदिर में तोड़फोड़ और मारपीट का आरोप
दूसरी प्राथमिकी भूदेव यादव की माता पद्मा देवी के आवेदन पर कांड संख्या 63/26 के तहत दर्ज की गई है। इसमें 11 नामजद (शिबू मियां, बाबूजन अंसारी, मिराज अंसारी, इरफान अंसारी, कासिम मियां, हुसैन अंसारी, मुस्लिम मियां, इस्लाम मियां, असलम अंसारी, कमरुद्दीन मियां, शमीम अंसारी) तथा 1000 से 1200 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उपद्रवियों ने गांव के हनुमान मंदिर में तोड़फोड़ की, मंदिर का मोटर पंप और घंटी उखाड़ ली तथा कुएं की दीवार तोड़ दी। विरोध करने पर उपद्रवियों ने धार्मिक नारेबाजी करते हुए भूदेव यादव और धनेश्वर महतो के घर पर पथराव और तोड़फोड़ की, जिसमें गांव के कई लोग घायल हो गए।
हिंदू संगठनों की बैठक के बाद मौन जुलूस
घटना के विरोध में सोमवार देर शाम विभिन्न हिंदू संगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसके बाद कर्माटांड़ बाजार में मौन जुलूस निकाला गया। संगठनों ने जिला प्रशासन से तोड़फोड़ और हिंसा में शामिल सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

Tags - Jamtara News Thandardiha Incident Karmatanr Police Jharkhand News Religious Tension