logo

कभी मनोरंजन का हिस्सा होता था मुर्गा लड़ाई, अब बनता जा रहा जुआ का खेल, लाखों की लगती है बोली

murga.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
पूर्वज काल से ही मुर्गा लड़ाई आदिवासियों के मनोरंजन का एक हिस्सा रहा है। जिसे स्थानीय आदिवासी किसी भी शर्त पर छोड़ना नहीं चाहते हैं। लेकिन अब मुर्गा लड़ाई जुआ खेल के रूप में तेजी से उभरा है। इसका क्रेज भी ग्रामीण इलाकों में काफी अधिक है। हालांकि मुर्गा लड़ाई का कोई खास सीजन नहीं है। लेकिन यहां गांवों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में मुर्गे लड़ाए जाते हैं। जहां एक मुर्गे में लाखों रुपये तक की बोली लगती है। इसका क्रेज इतना अधिक है कि मुर्गा लड़वाने के शौकीन लोगों की प्रतिष्ठा तक मुर्गे से जुड़ी होती है। अगर मुर्गा लड़वाने वालों को कोई मुर्गा पसंद आ जाता है, तो दस हजार  तक में भी मुर्गा खरीद लिया जाता है। साथ ही मुर्गा को बड़े जतन से ऐसे पाला जाता है जैसे कि वह परिवार का कोई सदस्‍य हो। मुर्गे को हिंसक बनाने के लिए जंगलों में मिलने वाली जड़ी बूटी भी खिलाए जाते हैं।


मौत के साथ खत्म होता है खेल
मुर्गों की लड़ाई के दौरान मुर्गे के पंजो मे हथियार बांधकर आपस में लड़ाया जाता है। यह लड़ाई तभी खत्म होती है, जब दो मुर्गों में से एक की मौत हो जाती है। मुर्गों के बीच मौत का यह खेल देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है। मुर्गा के अखाड़े मे दांव आजमाने वाले लोगों के अपने नियम होते हैं। जो मुर्गों के संघर्ष मे अधिक दांव लगाता है, उसे मुर्गा अखाड़ा मैदान में ही विशेष जगह दी जाती है। जबकि कम पैसा लगाने वाले लोगों को अखाड़ा मैदान में लगाये तार के घेरे के बाहर खड़े होना पड़ता है। मुर्गों की अनूठी लड़ाई में ग्रामीण 10 रुपये से लेकर लाखों रुपये की बोली लगाते हैं। 


मुर्गों को बनाया जाता है लड़ाकू
मुर्गा लड़ाई से पहले मुर्गों के मालिक उन्हें खिला पिलाकर मजबूत बनाते हैं। मुर्गों को भीड़ के बीच रहने की आदत लग सके। इसलिए पहले उन्हें बाजार मे कई बार लाया जाता है। मुर्गों को मैदान में उतारने से पहले उनको बिना हथियार बांधे आपस मे लड़कर लड़ने की ट्रेनिंग दी जाती है। इससे मुर्गे लड़ाई के दौरान घायल हो जाने पर भी अंतिम सांस तक लड़ते रहते हैं।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N