सरायकेला-खरसावां
दक्षिण पूर्वी रेलवे की कोयला लदी मालगाड़ी में सोमवार रात अचानक आग लगने से रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। मालगाड़ी सरडीहा से आसनसोल की ओर जा रही थी। बताया गया कि रात करीब 8:30 बजे कांड्रा के समीप ट्रेन के एक हिस्से में कोयले में आग दिखाई दी। चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल सूझबूझ का परिचय दिया और ट्रेन को चांडिल जंक्शन पहुंचाकर ट्रैक नंबर-1 पर रोक दिया। समय रहते उठाए गए इस कदम से संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली।
फायर ब्रिगेड ने एक घंटे में पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। सूचना मिलते ही चांडिल फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बोगी में लदे कोयले पर पानी का छिड़काव शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को दूसरी बोगियों तक फैलने से रोक दिया गया।
कुछ देर प्रभावित रही रेल परिचालन व्यवस्था
आग लगने की खबर से चांडिल स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। रेलवे कर्मी और अधिकारी तत्काल स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। आग बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद मालगाड़ी को आगे के लिए रवाना किया गया। इसके बाद करीब एक घंटे के भीतर ट्रेनों की आवाजाही भी सामान्य हो गई।.jpeg)
जांच में जुटा रेलवे, कारणों का नहीं चला पता
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। मालगाड़ी में आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। रेलवे स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।
दमकल और चालक की तत्परता की सराहना
चालक की समय रहते कार्रवाई और चांडिल फायर ब्रिगेड की त्वरित प्रतिक्रिया से संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली कि घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई।