द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लंबे अरसे के बाद बुधवार को दिल्ली से रांची आएंगे। मालूम हो कि फिलहाल वह पिता गुरुजी की सेवा और इलाज को लेकर दिल्ली में व्यस्त हैं। 24 जून से ही वह इसके लिए दिल्ली में हैं। दिल्ली से राज्य सरकार के कामकाज को निबटा रहे हैं। लेकिन एक पखवाड़े बाद वह 9 जुलाई को रांची आएंगे। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अगले दिन 10 जुलाई को रांची में होनेवाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में शामिल होंगे। फिर 11 जुलाई को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उसके बाद मुख्यमंत्री फिर दिल्ली लौट जाएंगे।

11 जुलाई को दिन के दो बजे से कैबिनेट की बैठक बुलायी गयी है। लंबे अरसे के बाद होनेवाली इस कैबिनेट की बैठक में लगभग तीन दर्जन प्रस्तावों पर स्वीकृति संभव है। इसमें नगर निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त के पद भी नियुक्ति संभव है। मालूम हो कि मुख्यमंत्री के साथ साथ उनके अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी अभी दिल्ली में हैं। वह वहीं रह कर मुख्यमंत्री को सरकारी कामकाज निबटाने में मदद कर रहे हैं। आवश्यक सुझाव दे रहे हैं।
