logo

बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर, पाकुड़ में अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित

PTM.JPG

पाकुड़

बच्चों के सर्वांगीण विकास, उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रगति और उनके उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस पाकुड़ (पाकुड़ राज +2 स्कूल) द्वारा रवीन्द्र भवन में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस महाजुटान में 522 से अधिक अभिभावकों ने हिस्सा लेकर बच्चों की शिक्षा के प्रति अपनी जागरूकता दिखाई। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि एडीपीओ पीयूष कुमार एवं विशिष्ट अतिथि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। बैठक की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजूनंदन साहा एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष विजेंद्र कुमार त्रिवेदी ने की। प्रभारी प्राचार्य ने संगोष्ठी का मुख्य एजेंडा सामने रखा।

बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए अभिभावकों का सजग रहना जरूरी

उन्होंने उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त द्वारा विद्यालय व छात्र हित में दिए गए दिशा-निर्देशों से अभिभावकों को अवगत कराया। बैठक में मुख्य रूप से 7 बिंदुओं पर चर्चा हुई जिसमें छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना, परीक्षा के परिणामों की समीक्षा, स्कूल ड्रेस का पूर्ण अनुपालन, विद्यालय परिसर में कड़ा अनुशासन, पाठ्यक्रम की समय पर प्रगति और गृहकार्य की नियमित जांच सहित आगामी बोर्ड परीक्षा के लिए उत्कृष्ट रणनीति व तैयारी शामिल हैं।मौके पर मौजूद डिप्टी कलेक्टर नवीन कुमार ने अपने ओजस्वी संबोधन से अभिभावकों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए अभिभावकों का सजग रहना जरूरी है। उन्होंने भविष्य में भी PTM में इसी तरह अनिवार्य रूप से शामिल होने की अपील की।

समस्याओं के समाधान का आश्वासन

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर अशोक कुमार भारती, अनीता कुमारी, राज कुमार और आकाश ने भी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। खुली परिचर्चा के दौरान अभिभावकों से सुझाव आमंत्रित किए गए और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों का संबोधन रहा। बाल संसद के प्रधानमंत्री छात्र अश्विन अंशुल एवं प्रहरी क्लब के छात्र रचित मिश्रा ने मंच से अभिभावकों के सामने शानदार अभिभाषण प्रस्तुत किया, जिसे सुन पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम को सफल बनाने में एसएमसी सदस्य मीनू मिश्रा, रिंकी जायसवाल, अमल कुमार दास, सुधाकर दास, उत्तम कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक शिउली कुमारी, पूनम कुमारी, मुकुल हुसैन, आलमगीर आलम, नसीम उज्जेमा, कौशल झा, आकाश कुमार, सिराज अहमद, सुप्रिय दत्ता, निर्मल ओझा, सुशील झा और सुमिता हेम्ब्रम ने सक्रिय भूमिका निभाई। संगोष्ठी इस संकल्प के साथ संपन्न हुई कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य विद्यालय और अभिभावकों की साझा जिम्मेदारी है।

Tags - CM School of Excellence Pakur Parent Teacher Meeting Parental Awareness Student Development Academic Progress