logo

सरेंगसिया में वीर शहीदों को नमन करने पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कहा- रांची नहीं, गांव से चलती है हमारी सरकार

cm2211.jpg

सरेंगसिया (पश्चिमी सिंहभूम)
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज पश्चिमी सिंहभूम जिले के सरेंगसिया पहुंचे, जहां उन्होंने सेरेंगसिया घाटी के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन तथा परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार रांची से नहीं, बल्कि गांव से चलने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह चुनाव के समय वादे करती है, लेकिन सरकार बनने के बाद उन्हें भूल जाती है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन को समय-समय पर सीधे गांवों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि शहीदों के सपनों को भूलना नहीं है और उन्हीं सपनों का झारखंड बनाना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन और कृषि जैसे क्षेत्रों में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में मौजूद पोटका विधायक संजीव सरदार ने कहा कि सेरेंगसिया घाटी के शहीदों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अन्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान केवल स्मरण का विषय नहीं, बल्कि समाज और सरकार दोनों के लिए जिम्मेदारी का संकल्प है। संजीव सरदार ने युवाओं से अपने इतिहास और संस्कृति को जानने, शिक्षा और संगठन के माध्यम से समाज को मजबूत करने तथा लोकतांत्रिक तरीके से अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।


 

Tags - Hemant soren Hemant soren News Hemant soren।atest News Hemant soren News Update