रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से झारखंड की प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का मुंडा ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नया साल अनुष्का के लिए और भी उपलब्धियों से भरा हो और वे अपने खेल के जरिए देश और दुनिया में अलग पहचान बनाएं।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने अनुष्का को सम्मानित किया और उन्हें स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की। अनुष्का ने अपने अब तक के खेल सफर और अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए। मुख्यमंत्री ने अनुष्का से कहा कि वे पूरी तरह निश्चिंत होकर अपने खेल पर ध्यान दें, राज्य सरकार उनकी हर जरूरत में साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। बेहतर खेल वातावरण तैयार करना, प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें सही प्लेटफॉर्म देना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड स्थित अनुष्का के गांव रुक्का में खेल मैदान विकसित करने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को अनुष्का के परिजनों को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी खिलाड़ी की प्रतिभा दबनी नहीं चाहिए।

गौरतलब है कि अनुष्का कुमारी ने गरीबी और संघर्ष के बीच फुटबॉल की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके पिता दिव्यांग हैं और माता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार चलाती हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद अनुष्का ने अपने जुनून और मेहनत से खुद को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में स्थापित किया है, जिस वजह से वे आज “द गोल मशीन” के नाम से जानी जाती हैं।
अनुष्का कुमारी को 26 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कम उम्र में ही उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। वे भूटान में हुई सैफ अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में विजेता भारतीय टीम की प्रमुख खिलाड़ी रहीं और सात गोल कर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनीं। इसके अलावा नेपाल में हुई अंडर-16 सैफ फुटबॉल चैंपियनशिप में उपविजेता भारतीय टीम की सदस्य भी रहीं। आने वाले मार्च महीने में वे चीन में आयोजित एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में एक बार फिर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। फिलहाल अनुष्का हजारीबाग स्थित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण ले रही हैं और इस वर्ष दसवीं की परीक्षा में शामिल होंगी।
.jpeg)