logo

सीएम हेमंत सोरेन की मौजूदगी में सरकार और पंजाब नैशनल बैंक के बीच वेतन पैकेज पर MoU, कर्मियों को मिलेगा सीधा लाभ

CMMOU11.jpg

रांची 
रांची स्थित झारखंड मंत्रालय सभागार में झारखंड सरकार और पंजाब नैशनल बैंक के बीच राज्य सरकार के कर्मचारियों के वेतन खाता पैकेज को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन समारोह में शामिल हुए।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वित्त विभाग द्वारा तैयार ‘झारखंड कुबेर डैशबोर्ड’ का भी शुभारंभ किया। यह डैशबोर्ड राज्य सरकार की वित्तीय मॉनिटरिंग और ट्रांजैक्शन सिस्टम को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब नैशनल बैंक और राज्य सरकार के बीच यह समझौता एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि बैंक सिर्फ आर्थिक लेन-देन का माध्यम नहीं होते, बल्कि व्यवसाय, कृषि, ग्रामीण विकास सहित हर क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। राज्य सरकार में कार्यरत कर्मचारियों की सैलरी और अन्य वित्तीय गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने में बैंक की भूमिका अहम रहती है।


उन्होंने कहा कि पहले भी राज्य सरकार ने अन्य बैंकों के साथ एमओयू किए हैं और उन समझौतों के अनुरूप कार्य आगे बढ़ रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि पंजाब नैशनल बैंक जिस उद्देश्य और जिम्मेदारी के साथ राज्य सरकार से जुड़ा है, उसे सफलतापूर्वक निभाएगा। बेहतर समन्वय का लाभ राज्य सरकार के कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनमानस को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने एमओयू हस्ताक्षर समारोह में उपस्थित बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पंजाब नैशनल बैंक के महाप्रबंधक आशीष कुमार चतुर्वेदी, मंडल प्रमुख रांची अवधेश झा, उप मंडल प्रमुख राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित राज्य सरकार और बैंक के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


 

Tags - Banking MoU Ceremony State Employees Salary Scheme Financial Governance Reform Ranchi Secretariat Event Public Sector Bank Partnership