logo

पलामू में हादसे वाली सड़क ने छीन ली 4 मासूम जिंदगियां, सीएम हेमंत ने सुरक्षा इंतजाम के दिए निर्देश

PALAMU_ROAD.jpg

मेदिनीनगर/पलामू:

पलामू के मेदिनीनगर में पोखराहा और जोड़ के पास फोरलेन हाईवे हादसों का सबब बन गया है। यहां सड़क हादसे में पिछले एक हफ्ते में 4 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। स्थानीय लोगों ने गुरुवार को प्रशासन पर सड़क सुरक्षा के मोर्चे पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए आंदोलन किया। स्थानीय लोग इस कदर आक्रोशित थे कि उन्होंने घंटों बवाल काटा। वहां लगा पुलिस का कैंप उखाड़ दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस-बल की तैनाती करनी पड़ी। 

सीएम हेमंत ने मंत्री और उपायुक्त को दिया निर्देश
अब इस विषय पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है और पलामू डीसी के अलावा प्रदेश के सड़क परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ से उचित कार्रवाई करने को कहा है। गौरतलब है कि  मेदिनीनगर का यह फोरलेन हाईवे सड़क सुरक्षा के मद्देनजर काफी संवेदनशील माना जाता है। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि इस जगह पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। संकेतकों का इस्तेमाल नहीं किया गया है। खासतौर पर रात में वाहनों की आवाजाही के लिए पर्याप्त रौशनी और इंडीकेटर्स नहीं हैं। हाईवे पर तेज गति से वाहन चलता है और आए दिन हादसे होते हैं। पिछले एक हफ्ते में ही यहां भीषण दुर्घटनाओं में 4 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। 

स्थानीय झामुमो नेता ने उठाई थी यह मांग
स्थानीय झामुमो नेता सन्नी शुक्ला ने सीएम हेमंत से इस गंभीर समस्या पर उचित कार्रवाई करने की मांग की थी। सीएम ने खबर पर तत्काल संज्ञान लेते हुए पलामू के उपायुक्त और मंत्री दीपक बिरुआ से कहा है कि उक्त सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम तत्काल उठाए जाएं। इस दिशा में जो भी कार्रवाई की जाएगी, उसकी जानकारी भी दें।  

हफ्तेभर में चार परिवारों ने खोया अपना प्रियजन
गौरतलब है कि पिछले कुछ चंद दिनों में ही कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को सड़क हादसे में खोया है। आसपास के इलाकों  में रहने वाले लोग इसी मार्ग से आवागमन  करते हैं और उन्हें हादसों का डर सताता है।  स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि पहली दुर्घटना पर ही समय रहते प्रभावी कदम उठाया गया होता तो कई अनमोल जानें बचाई जा सकती थीं। इस रास्ते से रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं। यहां सड़क सुरक्षा जरूरी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि सड़क पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक, हाईमास्ट लाइट, रंबल स्ट्रिप्स, स्पीड कैमरा और उचित ट्रैफिक प्रबंधन जैसी व्यवस्था की जाए। स्थानीय लोगों को यकीन है कि यदि सरकार और प्रशासन सक्रिय पहल करे तो भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। 

झामुमो नेता समेत स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि हादसे वाली जगह पर तत्काल स्पीड ब्रेकर समेत अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। ग्रामीणों ने यह भी मांग रखी है कि इस जगह पर फ्लाईओवर का निर्माण जल्दी पूरा हो और हाईवे के किनारे शराब की दुकानें बंद की जाएं।

Tags - PalamuJharkhandHighway AccidentMedininagar