logo

CM हेमंत सोरेन 827 शिक्षकों को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र, लॉन्च करेंगे गुरुजी ऐप

soren11.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः 
JSSC के द्वारा 2016 में आयोजित परीक्षा में विभिन्न विषयों में सफल हुए अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 16 अक्टूबर को नियुक्ति पत्र सौपेंगे। रामदयाल मुंडा फुटबॉल मैदान मोरहाबादी में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह होगा। दिन के 1 बजे से आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही है। शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने जानकारी देते हुए कहा है कि 827 माध्यमिक शिक्षकों के नियुक्ति के बाद हाई स्कूलों में खाली पड़े शिक्षकों में कमी आयेगी। उन्होंने कहा कि इस मौके पर विभाग द्वारा तैयार एक डिजिटल शिक्षा आधारित एप को भी लॉन्च किया जाएगा।


इन जिलों में होगा पदस्थापन
जिन जिलों के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा उसमें, पश्चिम सिंहभूम, गिरिडीह, लातेहार, पलामू, दुमका, चतरा, पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, हजारीबाग, रांची, गुमला, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, बोकारो, कोडरमा, धनबाद और पाकुड़ शामिल हैं। इन जिलों में संगीत, इंग्लिश, हिंदी, संस्कृत, अरबी, फारसी, बायोलॉजी, केमिस्ट्री, इतिहास-नागरिक जैसे विषयों के शिक्षक नियुक्त किए जायेंगे। इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता के अलावे राज्यसभा सांसद महुआ माजी, रांची सांसद संजय सेठ और रांची विधायक सीपी सिंह को भी स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के द्वारा आमंत्रित किया गया है। 


गुरुजी ऐप भी लॉन्च होगा 
नियुक्ति पत्र बांटने के साथ ही कल सीएम 'जे गुरुजी ऐप' भी लॉन्च करेंगे। जिसे विद्यार्थियों की सहूलियत के लिए बनाया गया है। इस ऐप में लॉगइन करने के लिए विद्यार्थियों को 'स्टूडेंट आइडी' दी जायेगी। ऐप में लॉग इन करने के बाद विद्यार्थी जब चाहें, ऑनलाइन क्लास कर सकते हैं। ऐप में प्रत्येक अध्याय के अनुरूप प्रश्न भी दिये गये हैं, जिन्हें विद्यार्थी ऑनलाइन हल कर सकते हैं. किसी प्रश्न का उत्तर गलत होने पर उसके सही उत्तर की जानकारी भी दी जायेगी।


राज्य स्तर पर रैंक भी दिया जाएगा
 विद्यार्थी को बताया जायेगा कि सही उत्तर के लिए वे किताब के उक्त पन्ने को देखें। विद्यार्थी चाहें, तो ऑनलाइन कक्षा के वीडियो के माध्यम से प्रश्न के उत्तर को समझ सकते हैं। ऐप पर कक्षा एक से 12वीं तक की सभी किताबें भी उपलब्ध रहेंगी. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा तैयार कराये गये लगभग 2700 ऑनलाइन वीडियो के साथ-साथ एनसीआरटी द्वारा तैयार कराये गये कक्षा संचालन का वीडियो भी ऐप पर उपलब्ध रहेगा. ऐप पर विद्यार्थी की पढ़ाई के अनुरूप उन्हें राज्य स्तर पर रैंक भी दिया जायेगा.

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N