logo

Ranchi : झारखंड में एक पेड़ लगाने पर 5 यूनिट बिजली फ्री, वन महोत्सव में सीएम हेमंत का ऐलान

a1810.jpg

डेस्क: 

झारखंड (Jharkhand) में जो भी नागरिक अपने घर में पेड़ लगाएगा। अपने कैंपस में पेड़ों का संरक्षण करेगा उनको प्रति पेड़ 5 यूनिट बिजली फ्री दी जायेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने ये ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि आज वन महोत्सव के अवसर पर मैंने घोषणा की है कि झारखण्ड के शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोग अगर अपने घर के कैंपस में पेड़ लगाते हैं और उसका संरक्षण करते हैं तो उन्हें प्रत्येक पेड़ पर 5 यूनिट बिजली फ्री दी जायेगी। शहरी क्षेत्रों को हरा-भरा बनाने के लिए यह आवश्यक है कि हम पेड़ लगायें।

मुख्यमंत्री ने वन महोत्सव में हिस्सा लिया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को राजधानी रांची स्थित पुंदाग में 73वें वन महोत्सव (Forest Festival) में हिस्सा लिया। यहां कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि  प्रकृति से बड़ा धनवान, न कोई इस धरती पर है, न कोई होगा। प्रकृति से ही हम हैं। इसलिए पर्यवारण को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। आज जरूर हम वन महोत्सव मना रहे हैं मगर हमें हर दिन जल-जंगल-जमीन को संरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए। तभी इंसान रहेगा, तभी आदिवासी समृद्ध रहेगा।

जंगल में आरा मिल नहीं दिखना चाहिए!
मुख्यमंत्री ने इस दौरान ऐलान किया कि राज्य में वन क्षेत्र के 5 किमी के दायरे से आरा मिल हटा दिया जाएगा। जंगलों की कटाई को लेकर कई बार ग्रामीणों ने सीधे खबरें दीं हैं। जंगल के बीच में आरा मिल का होना पदाधिकारियों की जानकारी के बिना संभव नहीं है। यह षड्यंत्र व्यक्तिगत हितों के लिए रचा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जंगल की कटाई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। 

पर्यावरण का मनुष्य से बड़ा दुश्मन नहीं
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि हमने प्रदेश में वर्ष 2022 के अंत तक 2 करोड़ से अधिक पौधा लगाने का लक्ष्य तय किया है। कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव से बड़ा प्रकृति का कोई दुश्मन नहीं है। लोगों ने अपने लालच की खातिर प्रकृति को बहुत नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि आज धुर्वा डैम सूखने की कगार पर है। देशभर में असामान्य बारिश हो रही है।

जलप्रपातों में प्रवाह नहीं है। हरमू नदी नाले में तब्दील हो गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि हमें खुद को और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखना है तो प्रकृति का संरक्षण करना होगा।