logo

CM हेमंत सोरेन ने वरिष्ठ कांग्रेसी नेता स्व. ददई दुबे को दी श्रद्धांजलि, परिजनों को ढांढस बंधाया

db.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखण्ड सरकार में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता दिवंगत चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे) के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने  शोक-संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति  और शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में ईश्वर से संबल प्रदान करने की कामना की।
बता दें कि झारखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व सांसद और इंटक नेता ददई दुबे का दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाज के क्रम में उन्होंने राजधानी में बीते दिन गुरुवार की संध्या अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से झारखंड की सियासत और श्रमिक संगठनों में शोक की लहर है।
चंद्रशेखर दुबे, जिन्हें ददई दुबे के नाम से जाना जाता था, का जन्म 2 जनवरी 1946 को हुआ था। वे बिश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रहे। झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य कर चुके थे। वर्ष 2013 में हेमंत सोरेन सरकार में उन्हें राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी।

ददई दुबे 14वीं लोकसभा में धनबाद लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। वे लंबे समय तक भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से जुड़े रहे और पार्टी के कद्दावर नेताओं में शुमार थे। साथ ही, वे इंटक से संबद्ध राष्ट्रीय कोयला मजदूर संघ के महासचिव भी थे और श्रमिक आंदोलनों में उनकी सक्रिय भूमिका रही। दुबे नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य भी थे, जिन्हें झारखंड विधानसभा अध्यक्ष द्वारा नामित किया गया था। 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar dadai dube hemant soren cm hemant soren leader late Dadai Dubey