logo

CM हेमंत सोरेन ने सुकुरहुटू में ट्रांसपोर्ट नगर फेज- 1 का किया उद्घाटन, क्या होगा इससे फायदा 

news032.jpg

रांची  

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के सुकुरहुटू में नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा नवनिर्मित ट्रांसपोर्ट नगर फेज- 1 का उद्घाटन किया। साथ ही सीएम ने भूमि पूजन कर फेज-2 के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। मौके पर सीएम हेमंत ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार व्यवसायियों के हितों को देखते हुए ट्रांसपोर्ट नगर फेज 1 का शुभारंभ और फेज 2 का भूमि पूजन संपन्न हुआ। आप सभी को इस ऐतिहासिक अवसर पर बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं और जोहार। सोरेन ने कहा, आज सुसज्जित और व्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर, रांची और झारखण्ड को मिल गया। 

सीएम ने कहा, यह तो शुरुआत है
हेमंत ने आगे कहा कि यह तो शुरुआत है। आगे चलकर बढ़ती गतिविधियों के अनुरूप सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। राज्य सरकार इसमें नए आयाम जोड़ने का भी कार्य करेगी। लेकिन विशुद्ध रूप से आज ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों को स्थाई ठिकाना मिल गया है। कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर के शुरू होने से अब यहां जल्द चहल-पहल नजर आएगी। मुझे विश्वास है कि क्षेत्र के विकास में यह ट्रांसपोर्ट नगर मील का पत्थर साबित होगा। 

क्या होगा फायदा 
इस जगह से देश के अलग-अलग कोने में आने-जाने की भी व्यवस्था होगी। सामान को लाने और लेकर जाने की व्यवस्था होगी। अब यहां से छोटे-छोटे वाहनों में सामान अपने गंतव्य यानी शहर के अंदर भी ले जाया जा सकेगा। ट्रांसपोर्ट के लिए यह क्षेत्र पिन प्वाइंट बन गया है, जिसे रांची के लोग कभी नहीं भूलेंगे और मालवाहक सीधे तौर पर यहां पहुंच सकेंगे। ट्रांसपोर्ट से जुड़े लोगों को यहां सुविधाएं मिलेंगी तथा अन्य और सुविधाएं भी इसमें लगातार जुड़ते रहेंगी। इस अवसर पर मंत्री हफीजुल हसन, राज्यसभा  सांसद महुआ माजी, प्रधान सचिव सुनील कुमार, निदेशक सूडा अमित कुमार,  उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त संदीप सिंह एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। 

 

Tags - CM Hemant Soren inaugurated Transport Nagar Jharkhand News News Jharkhand